![]() |
geeta |
गीताध्याय -1, श्लोक -2
दुर्योधन का संशय
धृतराष्ट्र के उस प्रकार प्रश्न करने पर
संजय उवाच
दृष्ट्वा तु पाण्डवानीकं व्यूढं दुर्योधनस्तदा।
आचार्यमुपसङ्गम्य राजा वचनमब्रवीत्।।
तदा - उस समय
व्यूढम् - वज्रव्यूह से खडी हुई
पाण्डवानीकम् - पाण्डव सेना को
दृष्ट्वा - देखकर
तु - और
आचार्यम् - द्रोणाचार्य के
उपसङ्गम्य - पास जाकर
राजा - राजा
दुर्योधनः - दुर्योधन (यह)
वचनम् - वचन
अब्रवीत् - बोला।
यहां 'तु' शब्द से दुर्योधन के मन में भय का उदय सूचित होता है। संजय का भाव यह है कि कौरवों की विशाल सेना को देखकर पांडवों के मन में किसी प्रकार की हलचल नहीं हुई, पर दुर्योधन पांडवों का सैन्य देख विचलित हो जाता है। पांडवों की सेना व्यूह में खड़ी थी, इससे सूचित होता है कि पांडवों की ओर भी व्यूह रचना के जानकार धुरंधर योद्धा हैं। महाभारत के भीष्मपर्व में हमें प्राप्त होता है कि कौरवों की सेना को व्यूहाकार खड़ा देख युधिष्ठिर ने अर्जुन से कहा, "तात! महर्षि वृहस्पति के वचन से ऐसा ज्ञात होता है कि यदि शत्रुओं की सेना कम हो, तो अपनी सेना को छोटे आकार में संगठित करके युद्ध करना चाहिए और यदि अपने से अधिक सैनिकों के साथ युद्ध करना हो, तो अपनी सेना को इच्छा अनुसार फैलाकर खड़ा करें। थोड़े से सैनिकों से बहुतों के साथ युद्ध करने के लिए 'सूचीमुख' नामक व्यूह उपयोगी हो सकता है।" युधिष्ठिर के ऐसा कहने पर अर्जुन ने अपनी सेना को दुर्जय 'वज्रव्यूह' में खड़ा किया था। तो दुर्योधन के भय का अधिकार पांडवों की सेना की व्यूहबद्धता ही है। दुर्योधन के लिए राजा शब्द का प्रयोग किया गया है इसका तात्पर्य यह दिखता है कि वह राजा की ही हैसियत से द्रोणाचार्य के पास गया। उसमें पूरी तरह राजापन का अभिमान भरा हुआ है। जब वह राजा है तो आचार्य को अपने पास बुलवा भी सकता है। पर वह राजा होकर भी स्वयं आचार्य द्रोण के पास जाता है, इससे उसकी राजनीतिक कुशलता लक्षित होती है। वैसे कौरवों के सेनापति तो भीष्म पितामह हैं, अतः उचित यह था कि दुर्योधन पहले उन्हीं के पास जाता। पर आचार्य द्रोण के पास पहले जाकर वह उनके प्रति अपना आदर 'दिखाना' चाहता है और यह ध्वनित करना चाहता है कि आप ही हमारे लिए अधिक महत्व के हैं। दुर्योधन के मन में भीष्म पितामह के लिए अधिक शंका नहीं थी। वह जानता था कि उनके लिए कौरव और पांडव दोनों समान है, इसलिए एक बार जब वह युद्ध में कौरवों के सेनापति बनने को तैयार हो गए हैं, तो किसी प्रकार से धोखा नहीं देंगे। पर दुर्योधन द्रोणाचार्य के संबंध में उतना आश्वस्त नहीं है, क्योंकि वह जानता है कि आचार्य द्रोण अर्जुन से सबसे अधिक स्नेह करते हैं। अतएव उसके मन के किसी कोने में यह अज्ञात शंका भरी हुई है कि द्रोणाचार्य कहीं पांडवों की तरफ न चले जाएं। उसकी यह आशंका कई बार परिलक्षित हो जाती है। जब वह महाराज धृतराष्ट्र को पांडवों को वारणावत भेज देने की सलाह दे रहा था, तो कहता है (आदिपर्व, 141/20)-
मध्यस्थः सततं भीष्मो द्रोणपुत्रो मयि स्थितः।
यतः पुत्रस्ततो द्रोणो भविता नात्र संशयः।।
-'पिताजी! भीष्म तो सदा ही मध्यस्थ है, द्रोणपुत्र अश्वत्थामा मेरे पक्ष में है, द्रोणाचार्य भी उधर ही रहेंगे, जिधर उनका पुत्र होगा इसमें तनिक भी संशय नहीं है।'
दुर्योधन के इस कथन से उसका संशय ही स्पष्ट हो रहा है। एक ओर वह कहता तो है कि द्रोणाचार्य भी मेरी तरफ ही रहेंगे इसमें संदेह नहीं है, पर भीतर ही भीतर वह खूब समझता है कि आचार्य द्रोण का अधिक स्नेह पांडवों के प्रति है। दुर्योधन यह भी जानता है कि यदि वह अश्वत्थामा को अपने वश में कर ले, तो बरबस द्रोणाचार्य उसी का पक्ष लेंगे, क्योंकि अपने प्यारे पुत्र का विरोध तो वे करेंगे नहीं। इसीलिए दुर्योधन तरह-तरह से अश्वत्थामा का सत्कार कर उसे अपने पक्ष में कर लेता है। यही उसकी राजनीतिक चतुरता है।
वह आचार्य द्रोण के पास जाकर 'वचन बोला'। 'बोला' कहने से ही अभिप्राय ध्वनित हो जाता, तब 'वचन बोला' ऐसा करना कोई विशेष अर्थ नहीं रखता। जब बोला जाता है तो वचन ही बोला जाता है। अतएव 'वचन' शब्द का विशेष रूप से प्रयोग करने का तात्पर्य यह दिखाई देता है कि दुर्योधन के पास वस्तुतः आचार्य द्रोण से बोलने को कुछ नहीं था, वह यों ही कहने के लिए कुछ कहता है। आचार्य द्रोण के पास उसका सबसे पहले जाना, जैसा हमने कहा एक राजनीतिक चाल है। जब द्रोण के पास जा ही रहा है, तो उनसे कुछ बोलना भी होगा, पर उसके पास कोई खास बात कहने के लायक नहीं है, इसीलिए कहा गया कि वह आचार्य के पास जाकर ऐसे वचन बोला।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया सुझाव या टिपण्णी में मर्यादा का ध्यान रखें